बिलासपुर- न्यायधानी बिलासपुर के सकरी क्षेत्र में आदिवासी समाज की लंबे समय से चली आ रही भवन की मांग आखिरकार पूरी हो गई है। विधायक निधि से निर्मित बूढ़ादेव भवन का लोकार्पण कार्यक्रम तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह और बिलासपुर महापौर पूजा विधानी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक धर्मजीत सिंह ने कहा कि सकरी क्षेत्र आदिवासी बहुल होने के बावजूद यहां समाज के पास अपना भवन नहीं था, जिसके कारण सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में लोगों को कई प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जब वे सकरी पहुंचे थे, तब आदिवासी समाज के लोगों ने उनसे भवन निर्माण की मांग रखी थी। उस समय उन्होंने समाज को भवन निर्माण का आश्वासन दिया था, जिसे अब पूरा कर दिया गया है।
महापौर पूजा विधानी ने आदिवासी समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सकरी पहले ग्रामीण क्षेत्र था, लेकिन अब नगर निगम सीमा में शामिल हो चुका है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो पाए थे, लेकिन वर्तमान सरकार की विकासोन्मुख सोच के चलते लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने से अब समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक बेहतर एवं स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान वार्ड क्रमांक 3 साईं नगर-उसलापुर-अमेरी की पार्षद किरण राजेंद्र टंडन ने कहा कि उसलापुर और अमेरी क्षेत्र पहले ग्रामीण क्षेत्र हुआ करते थे, लेकिन परिसीमन के बाद इन्हें नगर निगम क्षेत्र में शामिल कर लिया गया। इसके बावजूद लंबे समय तक क्षेत्र में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद तथा तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की इच्छाशक्ति के कारण क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज का यह नवनिर्मित भवन इस बात का प्रमाण है कि विधायक धर्मजीत सिंह अपने चुनावी वादों को पूरा करने के प्रति कितने प्रतिबद्ध हैं।
वहीं, वार्ड के जनप्रतिनिधि एवं पार्षद पति राजेंद्र टंडन ने बताया कि वार्ड के विभिन्न क्षेत्रों में एक साथ कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शहरी सीमा में शामिल होने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई थी, लेकिन विधायक धर्मजीत सिंह ने क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उन्होंने बताया कि न केवल लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं, बल्कि अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कार्यक्रम के अंत में आदिवासी समाज के लोगों ने जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए बूढ़ादेव भवन के निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।