बिलासपुर- नगर निगम क्षेत्र के तिफरा जोन अंतर्गत वार्ड क्रमांक 10 में इन दिनों अवैध प्लाटिंग का खेल कथित तौर पर धड़ल्ले से चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जमीन दलालों के साथ एक सरकारी डॉक्टर की मिलीभगत से कृषि भूमि को नियमों के विपरीत प्लॉट में तब्दील कर ग्राहकों को बेचा जा रहा है..
जानकारी के अनुसार आदर्श नगर के पीछे बड़े पैमाने पर खेतों की जमीन को समतल कर बिना वैधानिक स्वीकृतियों के प्लाटिंग की जा रही है। आरोप है कि शासन द्वारा तय नियमों और कॉलोनी विकास संबंधी प्रावधानों की अनदेखी कर भूखंडों की बिक्री की जा रही है। इतना ही नहीं, सूत्रों का दावा है कि इसी क्षेत्र में कथित रूप से अवैध प्लाटिंग के बीच प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कुछ मकानों को भी स्वीकृति मिली है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य जारी है..
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार ने अवैध प्लाटिंग पर रोक लगाने के लिए सख्त नियम लागू किए हैं और बिलासपुर नगर निगम भी समय-समय पर कार्रवाई करता रहा है। इसके बावजूद निगम क्षेत्र के अंतर्गत इस तरह की गतिविधियों के जारी रहने से निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं.. स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र के पुराने भूमाफिया के साथ एक सरकारी डॉक्टर की साझेदारी में यह पूरा खेल संचालित हो रहा है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है.. शासकीय अवकाश होने के कारण इस संबंध में नगर निगम और संबंधित विभाग के अधिकारियों का पक्ष नहीं मिल सका। अधिकारियों का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा..
स्वतंत्र आवाज़ इस पूरे मामले की पड़ताल कर रहा है। अगले भाग में दस्तावेजों और अधिकारियों के पक्ष के साथ यह खुलासा किया जाएगा कि आदर्श नगर के पीछे कथित अवैध प्लाटिंग का नेटवर्क कैसे संचालित हो रहा है, इसके पीछे कौन लोग हैं और किस प्रकार नियमों की अनदेखी किए जाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।