बिलासपुर- शहर के वेयरहाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने रविवार सुबह करीब 7:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्यूशन जा रहे एक नाबालिग छात्र की मौत हो गई.. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आ चुका है वीडियो में देखा जा सकता है कि, तेज रफ्तार कार रॉन्ग साइड से आ रही थी और उसने एक्टिवा सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी.. स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारने के बाद कार पीछे से आ रही स्कूल बस से जा भिड़ी.. हादसा इतना भीषण था कि छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया, स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई..
जानकारी के अनुसार मृतक नेहरू चौक स्थित ऑक्सीडेशन कोचिंग सेंटर में पढ़ाई के लिए जा रहा था.. उसके पिता मुकेश शर्मा आबकारी विभाग में हवलदार के पद पर पदस्थ हैं.. बताया जा रहा है कि हादसे को अंजाम देने वाली कार में भी नाबालिग सवार थे और चालक के भी नाबालिग होने की चर्चा है, पुलिस ने आरोपियों और वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा चालक की उम्र, दुर्घटना के कारण और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है..