बिलासपुर- जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है.. कलेक्टर के निर्देश एवं उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में खनिज अमले ने रात के समय औचक निरीक्षण कर अवैध मुरुम उत्खनन में लगी जेसीबी मशीन और हाइवा वाहनों को जब्त किया..
14 अगस्त 2026 की रात्रि खनिज अमले ने कोनी, तुरकाडीह, सेंदरी एवं कच्छार क्षेत्र में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ग्राम कच्छार में खनिज मुरुम का अवैध उत्खनन करते हुए 01 जेसीबी मशीन और 02 हाइवा वाहन पाए गए, मौके पर जांच के दौरान संबंधित लोगों द्वारा खनिज उत्खनन से जुड़े किसी भी प्रकार के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके.. मामले को गंभीरता से लेते हुए खनिज विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन सहित दोनों हाइवा वाहनों को जब्त कर पुलिस थाना कोनी की अभिरक्षा में रखवा दिया..
रात में भी सक्रिय खनिज अमला, अवैध कारोबारियों पर कसा शिकंजा..
खनिज विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि जिले में अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ विभाग केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि रात्रिकालीन औचक निरीक्षण के जरिए भी अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। मुरुम जैसे खनिज के अवैध उत्खनन से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ-साथ पर्यावरण और क्षेत्र की प्राकृतिक संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, ऐसे में खनिज अमले द्वारा रात में किए गए औचक निरीक्षण और मौके पर ही मशीन व वाहनों की जब्ती को अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है..
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। इस अभियान में पुलिस, राजस्व एवं खनिज विभाग के बीच समन्वय से अवैध खनन गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई की जा रही है, खनिज विभाग द्वारा रात्रिकालीन औचक निरीक्षण कर अवैध मुरुम उत्खनन में लगी मशीनरी को जब्त करना सराहनीय पहल है। अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऐसी अचानक और निरंतर कार्रवाई बेहद जरूरी है। विभाग की सक्रियता से अवैध उत्खनन करने वालों को स्पष्ट संदेश गया है कि प्रशासन की नजर से बचकर सरकारी खनिजों का दोहन करना आसान नहीं होगा..