बिलासपुर- शहर के व्यापार विहार स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में शनिवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया..
देखें वीडियो👇 👇
आबकारी विभाग से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार शराब दुकान के भीतर करीब 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अंग्रेजी शराब रखी हुई थी। आग की चपेट में आने से बड़ी मात्रा में शराब के साथ-साथ डीप फ्रीजर, कंप्यूटर, स्कैनिंग मशीनें और अन्य जरूरी उपकरण भी जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए। फिलहाल कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है..
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और देर रात से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। वहीं रात करीब 2:30 बजे आबकारी विभाग के अधिकारी और निरीक्षक भी मौके पर पहुंचे और तड़के सुबह तक राहत एवं निरीक्षण कार्य में जुटे रहे। ताजा जानकारी के अनुसार आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है..
गनीमत रही कि हादसे के समय दुकान के भीतर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक शराब दुकान के पीछे एक अहाते का भी संचालन किया जाता है। आग वहां तक पहुंची या नहीं और अहाते को कितना नुकसान हुआ है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है..
फिलहाल पुलिस और आबकारी विभाग मामले की जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी..