मुंगेली- थाना चिल्फी क्षेत्र के ग्राम सिलतरा में खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। कांग्रेस सचिव और उसके पुत्र के साथ मारपीट करने के साथ ही लोहे की बरछी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पिता-पुत्र दोनों घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है..
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम सिलतरा निवासी पीड़ित खेती-किसानी का काम करता है। 6 अगस्त 2026 की सुबह करीब 10:50 बजे वह अपने पुत्र दीपेंद्र खाण्डे के साथ गांव के तालाब के पास स्थित अपने खेत में पहुंचा था। इस दौरान दीपेंद्र ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के रामजी बर्मन, रघुवंश बर्मन, कला बाई और सारिका बाई एक राय होकर खेत में पहुंचे और दीपेंद्र के साथ जुताई को लेकर विवाद करने लगे। शिकायत के मुताबिक आरोपियों ने दीपेंद्र के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। दीपेंद्र द्वारा गाली देने से मना करने के बाद विवाद और बढ़ गया।
पीड़ित के मुताबिक, इसी दौरान रघुवंश बर्मन ने कथित तौर पर लोहे की बरछी से दीपेंद्र के सिर पर वार कर दिया। वहीं रामजी बर्मन द्वारा उसके गाल और होंठ पर हाथ-मुक्के से मारपीट करने का आरोप है। सारिका बाई पर भी दीपेंद्र का हाथ पकड़कर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है।
बेटे पर हमला होते देख पिता बीच-बचाव करने पहुंचा तो उस पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि रामजी बर्मन ने लोहे की बरछी से उसके सिर और बाएं हाथ के पंजे पर वार किया, जिससे वह भी घायल हो गया, घटना के बाद घायल पिता-पुत्र ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
बताया जा रहा है कि पूरा विवाद खेत की जुताई को लेकर शुरू हुआ था, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। पीड़ित पक्ष ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है..