बिलासपुर- नगर पालिका परिषद बोदरी परिसर में देश का 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में गरिमामय ढंग से मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिका परिषद बोदरी की अध्यक्ष श्रीमती नीलम विजय वर्मा ने विधिवत तिरंगा झंडा फहराया। जैसे ही तिरंगा आसमान में लहराया, उपस्थित लोगों ने राष्ट्रगान के साथ देश की स्वतंत्रता और राष्ट्रीय एकता के प्रति सम्मान व्यक्त किया..
ध्वजारोहण के पश्चात नगर पालिका अध्यक्ष नीलम विजय वर्मा ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं नगरवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संबोधन में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी हमें लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद मिली है। इसलिए देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है..
अध्यक्ष ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का दिन भी है। हमें स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर समाज और नगर के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया..
समारोह के दौरान नगर पालिका परिषद के जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों-कर्मचारियों ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद उपस्थित सभी लोगों के बीच मिठाई एवं स्वल्पाहार का वितरण किया गया। नगरवासियों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्रीय पर्व की खुशियां साझा कीं।
समारोह में नगर पालिका उपाध्यक्ष शिमला वर्मा, सभापति विजय वर्मा, श्याम आर्या, फिरतुराम बनवारे, प्रीति लक्ष्मीनारायण मरावी, डॉली दीपक जगवानी, लता विष्णु साहू, जोहित राम धुरी, अतुल ध्रुव, सुरेश केंवट, रोहित साहू, मुकेश वाधवानी, भावना आशीष खत्री, मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रदीप मिश्रा, उप अभियंता रश्मि देवांगन, भूमिका शास्त्री, लेखपाल राधेश्याम यादव, भूपेश तिवारी, विकास शर्मा, एल्डरमेन घासीराम श्रीवास, बलदेव गिरी गोस्वामी, ज्योति कुलदीप सहित नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे..
समारोह में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देते हुए सभी ने स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। नगर पालिका परिसर में आयोजित कार्यक्रम ने उपस्थित लोगों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकजुटता की भावना को और मजबूत किया..